Wednesday, October 21st, 2026

छत्तीसगढ़ महिला आयोग के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया

रायपुर
कोरोना संकट काल के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में महिलाओं को न्याय दिलाने के उददेश्य से छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा किए गए कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग को उसके उल्लेखनीय कार्य के लिए अलंकरण एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट के लिए आई छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक और उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान राज्य के 27 जिलों में कुल 47 जनसुनवाई की और लगभग 1100 महिलाओं से संबंधित मामलों को सज्ञान में लेकर उन्हें न्याय एवं राहत देने की उल्लेखनीय पहल की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने छत्तीसगढ़ में महिलाओं को न्याय और राहत पहुंचाने के मामले में राज्य महिला आयोग द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय बताया है। इस अवसर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, पंडरिया की विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 

#छत्तीसगढ़ महिला आयोग

Source : Agency

पाठको की राय